👏👏👏
अरविंद कुमार, भरगामा, अररिया की कलम से ✍️✍️
।। उगिहऽ… में… उगिहऽ… हो… दीनानाथ…
दीनानाथ… अरघ के… हो… बेर… ।।
फिजाओं में गूँजते इस तरह के मधुर गीतों के बीच जब छठ घाट पर व्रतियों की लंबी कतारें, माथे पर सिंदूर के लंबे टीके और हाथों में फलों से सजे सूप लेकर माताएँ-बहनें पानी में उतरती हैं, तो ऐसा लगता है मानो संपूर्ण सृष्टि रुककर उनकी आस्था में स्वयं को समाहित कर लेना चाहती हो। ऐसा प्रतीत होता है जैसे खुद सूर्य उनके सूप में बच्चा बनकर खेलने लगा हो। व्रतियों के इस दिव्य स्वरूप को देखकर मन स्वतः ही उनके प्रति श्रद्धा से भर जाता है। तमाम परेशानियों के बावजूद वर्षों से हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने वाली माँ-बहनों के साहस, धैर्य और परोपकार के सामने हमारा हृदय नतमस्तक हो जाता है।
डूबते सूर्य के साथ-साथ उगते सूर्य को अर्घ्य देने की पौराणिक परंपरा की जन्मस्थली बिहार की मिट्टी की सोंधी-सोंधी खुशबू छठ पर्व के माध्यम से आज देश-दुनिया के कोने-कोने में फैलती जा रही है, जो हमें अपनी गौरवशाली संस्कृति का एहसास कराती है।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की पौराणिक परंपरा जहाँ हमें इतिहास से सीख लेने की प्रेरणा देती है, वहीं उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें वर्तमान को सँवारने और भविष्य को बेहतर बनाने का संदेश देती है।
फलों से सजे छठ घाट हमें प्रकृति प्रेम का पाठ तो पढ़ाते ही हैं, साथ ही लोक आस्था का यह महापर्व हमें एकता, अखंडता और भाईचारे का भी संदेश देता है।
छठ घाट पर न कोई राजा होता है, न रंक; न कोई अमीर होता है, न गरीब। ऊँच-नीच और भेदभाव की तमाम खाइयों का यहाँ कोई स्थान नहीं होता।
बच्चों का कौतूहल, घाट पर फूटते पटाखे और उनकी चंचलता, घाट की ओर टकटकी लगाए बैठे बुजुर्गों की चमकती आँखें तथा महिला व्रतियों के स्वागत के लिए तैयार खड़े पुरुषों को देखकर मन प्रसन्नचित्त हो जाता है।
हे छठ व्रती माताओं-बहनों! हमेशा की तरह इस बार भी जब आप छठ घाट पर उतरना , तो हमारे देश की सांस्कृतिक विरासत, अमन-चैन, भाईचारे, एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ-साथ देश की तरक्की की भी दुआ करना ।
लोक आस्था के महापर्व छठ की आप सभी को ढेरों शुभकामनाएँ!
आपका भाई,
अरविंद कुमार
भरगामा, अररिया ✍️✍️