एक शिक्षक का शिक्षा के प्रति नजरिया : – शिक्षा समाज के विकास का आधारशिला है , जिससे देश का चतुर्दिक विकास होता है और समाज में सकारात्मक बदलाव आता है । शिक्षा का उद्देश्य हमारी संस्कृति को बचाना भी है । शिक्षा लक्ष्य प्राप्ति का उत्तम साधन है । शिक्षा मनुष्य के जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है । शिक्षा से मानवता का विकास होता है । शिक्षा से बढ़कर कोई धन नहीं है ।
एक शिक्षक के रूप में उनका समाज में योगदान :- शिक्षक हमारे समाज का अभिन्न अंग है । शिक्षक ज्ञान देते हैं, हमारे बच्चों का भविष्य गढ़ते हैं । शिक्षक मार्गदर्शक और प्रेरणास्त्रोत है । शिक्षक सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम, बच्चों के सर्वांगीण विकास करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं ।
शिक्षकों का समाज में अत्यधिक महत्व है । वें छात्रों को नैतिक मूल्य सिखाते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और समाज के लिए उपयोगी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं । वे न केवल ज्ञान और कौशल प्रदान करते हैं, बल्कि आलोचनात्मक सोच, संचार और समस्या जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी सिखाते हैं । एक अच्छा शिक्षक छात्रों को आत्मविश्वास से भरता है और उन्हें कठिनाइयों का सामना करने के लिए तैयार करता है । उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए तैयार करता है एवं सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करता है । शिक्षकों द्वारा रखी गई नींव एक पीढ़ी के भविष्य को आकार देती है । शिक्षक अपना ज्ञान आने वाली पीढ़ी को हस्तांतरित करते हैं, जिससे एक सामाजिक शिक्षा और विकास चक्र का निर्माण होता है ।
शिक्षकों के लिए आसन्न चुनौतियां :- शिक्षक छात्रों को प्रेरित करते हैं, जो बदले में अपने परिवेश में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करते हैं । आज के इस नवाचारी एवं तकनीकी युग में शिक्षकों के सामने भी तरह – तरह की चुनौतियां पेश हो रही है । डिजिटल युग में शिक्षा व्यवस्था एवं इसके प्रणाली में काफी बदलाव भी आए हैं । कोरोनाकाल से लेकर अब तक शिक्षण के माध्यमों में भी काफी परिवर्तन आ चुके हैं । विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आनलाइन कक्षाएं संचालित हो रही है । इस संदर्भ में शिक्षकों को भी ठीक उसी प्रकार से प्रशिक्षित होने की आवश्यकता है , ताकि आने वाली पीढ़ी को वें पुरातन के साथ – साथ नवीनतम शैक्षिक पद्धतियों द्वारा पढ़ा सके ।
आशीष अम्बर
( विशिष्ट शिक्षक)
उत्क्रमित मध्य विद्यालय धनुषी
प्रखंड – केवटी
जिला – दरभंगा
बिहार