प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और मानवता का अनुपम संगम संगठित है
आज छठ है! प्रकृति की देवी छठी मैया की कृति की कृतज्ञता स्वीकार करते हुए
चारों ओर एक अद्भुत उमंग, उत्साह और उल्लास का वातावरण है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो किसी मांगलिक विवाह समारोह की भव्य तैयारी हो रही हो। सुबह से ही नवयुवक सूर्यदेव और छठी मैया के स्वागत में दीप बनकर स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं।
कहीं झाड़ू चल रही है, तो कहीं पोछा लग रहा है। कहीं रास्तों की सफाई हो रही है, तो कहीं जल से पगडंडियों को धोकर स्वच्छ बनाया जा रहा है। नवयुवकों में न कोई भेदभाव है, न किसी प्रकार की निष्क्रियता। सभी एक-दूसरे के सहयोगी बनकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। कूड़े-कचरे को उचित स्थान अर्थात् कूड़ेदान में डालकर मानो स्वच्छता को उपहार दिया जा रहा है।
जगह-जगह प्रेम, सद्भाव और सहयोग की अनुपम छटा बिखरी हुई है। ईश्वर का दिया यह संदेश वास्तव में सराहनीय है। व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का ध्यान रखा जा रहा है। घाटों से लेकर गलियों तक रोशनी और दीपों का मनमोहक सजावट दिखाई दे रही है। ऐसा लग रहा है मानो स्वर्ग स्वयं धरती पर उतर आया हो।
आज न किसी को अपने पद का अहंकार है, न धन का, न विद्वता का और न ही किसी प्रतिष्ठा का। ग्रामीण नवयुवक हों या नगरवासी, महानगरों से आए लोग हों या सामान्य जन, सभी सूर्यदेव और छठी मैया के स्वागत में नतमस्तक हैं। यह पर्व ऊँच-नीच, अमीरी-गरीबी और छोटे-बड़े के भेद को मिटाकर मानवता को एक सूत्र में पिरो देता है।
चारों ओर छठ के हृदयस्पर्शी गीतों की गूँज सुनाई दे रही है। नदी, तालाब और सरोवरों के तट स्वच्छता, सुगंध और दीपों की आभा से चहक-महक उठे हैं। हर दीप मानो प्रकृति के प्रति मनुष्य की कृतज्ञता का संदेश दे रहा है।
सूर्यदेव के साथ समस्त देवगण और छठी मैया के आगमन की कल्पना से मन श्रद्धा और आनंद से भर उठता है। ऐसा लगता है मानो संध्या बेला में पुष्पक विमान से देवशक्तियाँ धरती पर उतरकर अपने भक्तों को आशीर्वाद देने वाली हों और संपूर्ण धरती उनके स्वागत में दीपमय हो उठी हो।
इस पर्व की एक और अद्भुत विशेषता है—व्रतियों का अटूट संकल्प। अपनी मनोकामनाओं और आस्था की सिद्धि के लिए वे कठिन साधना करते हैं। कई व्रती साष्टांग दंडवत करते हुए अपने घर से घाट तक की यात्रा पूरी करते हैं। उनके इस समर्पण को देखकर श्रद्धा स्वतः ही नतमस्तक हो जाती है। उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन तथा सरकार भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते दिखाई देते हैं।
आज हर कोई अपने इस अनुपम अनुभव को कैमरे और रिकॉर्डिंग में संजो रहा है। लेकिन इस पर्व का वास्तविक सौंदर्य केवल तस्वीरों और वीडियो में नहीं, बल्कि लोगों के हृदय में उमड़ते प्रेम, सेवा, सहयोग और समर्पण में बसता है।
प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का इससे सुंदर अवसर और क्या हो सकता है! जिस सूर्य की ऊर्जा से जीवन संचालित होता है, जिस जल से हमारा अस्तित्व सुरक्षित है, जिस धरती की गोद में हम पलते हैं और जिस वायु से हमारी साँसें चलती हैं, उन्हीं प्राकृतिक शक्तियों के प्रति आज संपूर्ण समाज अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहा है।
छठ महापर्व हमें याद दिलाता है कि प्रकृति केवल हमारी आवश्यकता पूरी करने का साधन नहीं, बल्कि हमारे जीवन का आधार है। जब भी मानव जीवन पर विपदा आती है, प्रकृति ही अपने विविध रूपों में हमें सँभालती और जीवन देती है। इसलिए प्रकृति के प्रति हमारा संबंध केवल उपभोग का नहीं, बल्कि सम्मान, संरक्षण और कृतज्ञता का होना चाहिए।
अर्घ्य अर्पित करने के बाद जब श्रद्धालु छठी मैया के चरणों में नमन करते हैं, प्रसाद ग्रहण करते हैं और एक-दूसरे के बीच प्रसाद बाँटते हैं, तब यह पर्व अपने सबसे सुंदर मानवीय स्वरूप में दिखाई देता है।
सचमुच, छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, मानवता, स्वच्छता, सामाजिक एकता और कृतज्ञता का महापर्व है।
यह पर्व सिद्ध करता है कि जब मनुष्य अपने अहंकार को त्यागकर सेवा, सहयोग और आस्था के साथ एकजुट होता है, तब धरती पर स्वर्ग उतर आता है।
ऐसी देवभूमि, ऐसी कर्मभूमि और ऐसी प्रकृति को शत-शत नमन!
जय सूर्यदेव! जय छठी मैया!
स्वरचित रचनाकार :-
उमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक”
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
तुलसी पथ लालापुल रघुनाथपुर
अंचल – ब्रह्मपुर , जिला – बक्सर