गद्य गुँजन आलेख,संदेशपरक भारतीय लोकपर्व और हमारी सांस्कृतिक विरासत : नई पीढ़ी की जिम्मेदारी : आशीष अम्बर

भारतीय लोकपर्व और हमारी सांस्कृतिक विरासत : नई पीढ़ी की जिम्मेदारी : आशीष अम्बर



विषय वस्तु :- भारत सांस्कृतिक विविधता वाला देश है । यहाँ की परम्पराएँ , कला , भाषा , रीति – रिवाज , भोजन , नृत्य , संगीत और विभिन्न त्योहारों मिलकर एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का निर्माण करते हैं । यह विरासत सदियों से पीढ़ी- दर – पीढ़ी आगे बढ़ती आ रही है । भारत के त्योहार इस विरासत को जीवित रखने का सबसे सुन्दर माध्यम है । प्रत्येक त्योहार हमारे इतिहास , हमारी मान्यताओं एवं हमारे जीवन मूल्यों की झलक प्रस्तुत करती है, इसलिए सांस्कृतिक विरासत और त्योहार एक – दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं । सांस्कृतिक विरासत केवल पुरानी इमारतों या कलात्मक वस्तुओं तक सीमित नही होती; इसमें हमारी सोच , व्यवहार , जीवनशैली , भाषा , मूल्य और सामाजिक परम्पराएँ भी शामिल होती है । यह विरासत हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और हमारे समाज को एक पहचान देती है । किसी भी देश की सांस्कृतिक विरासत उसके गौरव और विकास का आधार होती है ।

•⁠ ⁠त्योहारों का सांस्कृतिक महत्व :-
त्योहार हमारी संस्कृति को जीवित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है । हर त्योहार के पीछे कोई न कोई धार्मिक , ऐतिहासिक या सामाजिक कथा जुड़ी होती है , जो हमें नैतिक शिक्षा देती है ।

त्योहारों के माध्यम से –
•⁠ ⁠पारम्परिक वेशभूषा का प्रदर्शन होता है ।
•⁠ ⁠लोकगीत और लोकनृत्य जीवित रहते हैं ।
•⁠ ⁠परिवार और समाज में आपसी प्रेम और समरसता बढ़ता है ।
•⁠ ⁠बच्चों को अपनी संस्कृति के बारे में ज्ञान मिलता है ।
इस प्रकार त्योहार सांस्कृतिक विरासत के वाहक बनकर उसे सुरक्षित रखते हैं ।

•⁠ ⁠भारत के त्योहारों में सांस्कृतिक झलक :-
भारत में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हैं ।

•⁠ ⁠दुर्गापूजा शक्ति और उपासना के पर्व के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है ।
•⁠ ⁠दीपावली पर घरों को दीपों से सजाना और लक्ष्मी पूजन करना ।
•⁠ ⁠होली पर रंगों के साथ आनंद मनाना और आपसी भेदभाव मिटाना ।
•⁠ ⁠ईद पर नमाज और सेवईयों के साथ भाईचारा बढ़ाने का संदेश दिया जाता है ।
•⁠ ⁠क्रिसमस पर क्रिसमस ट्री सजाना और उपहार बांटना ।
•⁠ ⁠इसके अलावा छ्ठ, बिहू, पोंगल, सरहुल, वैसाखी जैसे क्षेत्रीय त्योहारों द्वारा प्रकृति के साथ जुड़ाव और इसके संरक्षण का संदेश दिया जाता है ।

•⁠ ⁠नई पीढ़ी को जोड़ने के उपाय :-

•⁠ ⁠डिजिटल माध्यमों का उपयोग :- सोशल मीडिया , शॉर्ट वीडियो और ऐप्स के जरिए लोक – कथाओं , व्यंजनों और पारम्परिक नृत्यों का प्रचार – प्रसार किया जाना सार्थक पहल होगा ।

•⁠ ⁠पारिवारिक संवाद और सहभागिता :- बच्चों को केवल पर्व मनाने के लिए न कहें, बल्कि उसके पीछे की कहानियों , रीति – रिवाजों और पकवानों के बनाने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए ।

•⁠ ⁠विद्यालयों में सांस्कृतिक शिक्षा :- विद्यालयीय पाठ्यक्रम में स्थानीय लोककला, लोकसंगीत और क्षेत्रीय पर्वों के महत्व को व्यवहारिक गतिविधियों के साथ जोड़ने की आवश्यकता है ।

•⁠ ⁠सामूहिक आयोजन और मेले :- ग्रामीण परिवेशों के अलावा शहरों और सोसाइटियों में पारम्परिक मेलों , लोकनृत्य और संगीत कार्यक्रमों का आयोजन हो ताकि युवा एवं बच्चें उसका सीधा अनुभव कर सके ।

•⁠ ⁠निष्कर्ष :- लोकपर्व केवल मनोरंजन या अवकाश( छुट्टी) का दिन नही है, बल्कि यह हमारी जीवित पाठशाला है । नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना केवल अतीत को ढोना नहीं , बल्कि भविष्य को मजबूत और संवेदनशील बनाना भी है । जब युवा अपनी जड़ों से जुड़ेंगे , तभी समाज में अपनेपन और संस्कारों की असली बयार बहेगी ।

प्रेषक –
आशीष अम्बर
( विशिष्ट शिक्षक)
उत्क्रमित मध्य विद्यालय धनुषी
प्रखंड – केवटी
जिला – दरभंगा
बिहार

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply