गद्य गुँजन दिवस विशेष प्रकृति की आराधना का महा पर्व :छठ : पुरुषोत्तम कुमार

प्रकृति की आराधना का महा पर्व :छठ : पुरुषोत्तम कुमार


कार्तिक मास के आगमन होते ही चारों तरफ ये गीत गूंजने लगता है.. उग हे सुरज देवs …! ये गीत सुनते ही एहसास हो जाता है कि प्रकृति के आराध्य देव, जड़ चेतन सब में ऊर्जा का संचार करने वाले,इस पृथ्वी पर प्राणि मात्र के अस्तित्व के कारक सूर्य देव के आराधना का महा पर्व छठ आने वाला है।बस फिर क्या है,लोग जुट जाते हैं इस महा पर्व की तैयारी में।सरकार के तरफ से विशेष ट्रेनों की घोषणा होने लगती है।युद्ध स्तर पे घाट की सफाई होने लगती है। स्वयंसेवी संस्थाएं भी अपने तरीके से इस महा पर्व की आयोजन की तैयारियां करने लगती हैं।केवल हिन्दू धर्म वाले ही नहीं, इस्लाम धर्म के उपासक महिलाएं भी छठ पर्व के प्रसाद तैयार करने के लिए चूल्हा बनाने में लग जाती हैं।समाज का भेदभाव मिट जाता है।कोई छोटा कोई बड़ा नहीं, सूर्य देव के लिए सब एक है,तो उनके पर्व को अलग अलग कैसे मना सकते हैं। परदेस में रहने वाले भी इस पर्व में किसी न किसी तरह अपने घर अवश्य पहुंचना चाहते हैं।यात्रा में चाहे कितनी भी तकलीफ क्यों न हो,उन्हें तो बस घर पहुंचने की जल्दी होती है।ऐसा लगता है, सूर्य देव की आराधना से उनकी सारी थकान मिट गई है।उन में अलौकिक ऊर्जा का संचार होने लगता है। ट्रेन में भी शारदा सिंहा के गीत गूंजने लगते हैं। यह महापर्व वैसे तो मुख्य रूप से बिहार में मनाया जाता है, लेकिन आज इसकी गूंज पूरे भारत में ही नहीं,बल्कि अमेरिका और इंग्लैंड तक है।वहां रहने वाले ऐन आर आई लोगो के द्वारा भी अब यह पर्व धूम धाम से मनाया जाने लगा है।यह पर्व प्रकृति की स्वच्छता का एक महा कारक बनता है।बिना किसी दबाव के हर व्यक्ति अपने आस पड़ोस के सफाई में लग जाता है। संपूर्ण वातावरण में एक अजीब सी स्फूर्ति का अहसास होने लगता है।यह पर्व पूरी पवित्रता के साथ आडंबर रहित हो कर मन के सारे विकारों को दूर कर मनाया जाता है।न तो यहां किसी विशेष मंत्र की आवश्यकता होती है और न यज्ञ के हवन कुंड की। प्रकृति से मिलने वाले भोज्य पदार्थों से ही आदित्य देव को भोग अर्पित कर उसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया जाता है।यह पर्व हमे न केवल अक्षय ऊर्जा के स्रोत सूर्य के प्रति हमे अनुरागी बनाता है बल्कि प्रकृति के कण कण की आराधना का मंत्र देता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी इस पर्व का बहुत महत्व है। लगभग 36घंटे के महा उपवास से हमारे शरीर के विकारों को बाहर निकालने का एक प्रकृति प्रदत मौका मिलता है।साथ ही व्रती के शरीर में विटामिन डी का भी संचार होता है।यह पर्व हमे केवल तन से ही नहीं मन से भी शुद्ध कर देता है। यदि ये कहा जाए कि छठ आत्मा की शुद्धता का भी पर्व है,तो इसमें अतिशयोक्ति नहीं होगी। छठ पर्व मनाने की शुरुआत कब हुई,इसके बारे में सही सही बताना शायद मुश्किल है , परंतु ऐसी मान्यता है कि महाभारत कल में पांडवों की माता कुंती ने सूर्य देव की आराधना की थी,जिनके कारण उनको महा शक्तिशाली और दानी पुत्र कर्ण की प्राप्ति हुई,लेकिन यह पुत्र उन्हें विवाह पूर्व प्राप्त हुआ, इसलिए लोक लाज के भय से उन्हें त्याग दिया।यही कारण है कि आज भी संतान प्राप्ति की मानसा से कई लोग इस पर्व को करते हैं,वहीं कुमारी कन्याओं के लिए यह पर्व करना वर्जित है।लेकिन पर्व की तैयारी में उनके उत्साह की कोई कमी नहीं होती और नहीं इसके लिए कोई वर्जना है।बाद में भगवान श्री कृष्ण के प्रपौत्र सांब ने त्वचा रोग से मुक्ति पाने हेतु सूर्य की आराधना की और उस रोग से मुक्ति पाई। सूर्य देव के प्रति अपने उदगार को व्यक्त करने के लिए उन्होंने कई सूर्य मंदिरों का भी निर्माण कराया जिनका अस्तित्व आज भी कायम है। उड़ीसा का विश्व विख्यात सूर्य मंदिर कोणार्क को कौन नहीं जनता। सूर्य का एक पर्याय अर्क होता है, इसलिए उन मन्दिरों के नाम में एक लगा हुआ है।वैसे कालांतर में उनके अपभ्रंश रूप का भी इस्तेमाल होने लगा ,जैसे बिहार का प्रसिद्ध सूर्य मंदिर देववर्क देव बन गया,वहीं उलारक का नाम उलार हो गया।ये सभी मंदिर सांब द्वारा बनवाया गया है ऐसी मान्यता है।इस पर्व के गीतों में सूर्य के विभिन्न नामों का जिक्र होता है,जैसे आदित्य देव, भास्कर,दिनकर, दिवाकर आदि।
इस पर्व में पहले अस्तलचलगामी सूर्य की उपासना की जाती है,जो यह दर्शाता है कि सनातन धर्म दुख को भी उतना ही महत्व देता है जितना कि सुख को, क्योंकि दुःख के बाद सुख का आगमान निश्चित है।जैसे सूर्यास्त के बाद सूर्योदय निश्चित है।यह पर्व आत्मा की अजर अमर होने का भी संकेत देता है। जिस प्रकार सूर्य के अस्त होने के बाद उसका उदय निश्चित है उसी प्रकार आत्मा भी एक शरीर से अस्त हो कर नए शरीर में उदय होता है।
वास्तव में देखा जाए तो चार दिन तक मनाया जाने वाला यह पर्व ,केवल एक उत्सव नहीं बल्कि परिवार और समाज की एकता, समरसता, प्रकृति की स्वच्छता, तन और मन की शुद्धता और प्रकृति सर्वश्रेष्ठ है इसकी स्वीकार्यता का अनुभव है। हमे यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि इस पर्व के बाद भी हम प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने और उसी महता को स्वीकार करने से पीछे नहीं हटेंगे।

पुरुषोत्तम कुमार
प्रधान शिक्षक
उर्दू प्राथमिक विद्यालय लोदीपुर गोलघर अंचल पटना।

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply